देवरिया। मंदसौर (मध्यप्रदेश) में किसानों की हत्या के विरोध में विभिन्न संगठनों ने आवाज बुलंद की। युवा कांग्रेस ने मंदसौर में किसानों की हत्या के विरोध में प्रदर्शन किया। सीएम शिवराज सिंह चौहान का पुतला जलाकर गुस्सा जताया। कहा कि भाजपा की सरकार अहंकार में है, जबकि भाकियू ने किसानों को दो-दो करोड़ रुपये मुआवजा की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जुटान बुधवार को दोपहर में टाउनहाल में हुई। नारेबाजी करते हुए सुभाष चौक पर पहुंचे। सदर विधानसभाक्षेत्र के अध्यक्ष ऋषभ शुक्ल ने कहा कि किसानों की मांगों को पूरा करने के बजाए सरकार ने गोली चलाने का आदेश दिया। ऋषिकांत मणि ने कहा कि भाजपा की सरकार आवाज दबाने में जुटी है। कांग्रेस उनके मंसूबे केे पूरा नहीं होने देगी। इस दौरान पार्थ शुक्ल, आदित्य मिश्र, आकाश शर्मा, त्रिपुरेश त्रिपाठी, विनीत राय, शैलेश यादव, दिलीप यादव आदि मौजूद रहे। उधर, भारतीय किसान यूनियन ने किसानों को दो-दो करोड़ रुपये मुआवजा की मांग की। इसके अलावा पीएम नरेंद्र मोदी से चुनावी वादा पूरा करने की मांग की। कहा कि किसान आयोग का जल्द गठन करें, स्वामीनाथन की सिफारिशों को लागू करें। प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष विनोद गुप्त, सदानंद यादव, सुनील राय, अयोध्या आदि मौजूद रहे।