तरकुलवा। थाना क्षेत्र में आजकल धान चोर सक्रिय हैं। पिछले तीन दिन में चार घरों से करीब 20 बोरी धान चोरी हो गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना क्षेत्र के हरैया गांव निवासी कमल किशोर मिश्रा अपने घर के बरामदे में लेवी पर देने के लिए धान रखे थे। बुधवार की सुबह जब वे सोकर उठे तो देखा कि पांच बोरी धान गायब था। वहीं बगल में हरेंद्र चौरसिया के बरामदे से चार बोरी और कोटेदार अनिल के घर से पांच बोरी धान चोरी हो गई। बगल गांव के कारी टोला निवासी मखन यादव की भी छह बोरी धान चोरी हो गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तरकुलवा पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद