- विवाद न हो, ऐसे में खिलाड़ियों का नाम देने से बच रहा खेल विभाग
- जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की तरफ से ऐसे खिलाड़ियों को दी जाएगी मदद
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिले के ऐसे बीस खिलाड़ी जिन्होंने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रदर्शन से जनपद का नाम रोशन किया है। उन्हें सम्मानित किया जाना है। डेढ़ माह पूर्व से इनके चयन की प्रक्रिया चल रही थी, जिसे अब फाइनल कर लिया गया है। हालांकि इस पर विवाद न हो, ऐसे में चयनित खिलाड़ियों के नामों की घोषणा करने से खेल विभाग बचता दिख रहा है।
खेल निदेशालय के निर्देश पर जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की तरफ से चयनित 20 खिलाड़ियों को इक्यूपमेंट, ड्रेस, खेल किट, पोषक आहार के लिए 10 हजार रुपये मूल्य तक की सहायता दी जानी है। जिले के वह खिलाड़ी जिन्होंने सत्र 2022-23 व 2023-24 में अब तक अंतरराष्ट्रीय- राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर विभिन्न खेलों में प्रतिभाग या पदक जीता हो, इन्हें खेल में और बेहतर करने के लिए प्रोत्साहन दिया जाना है।
इसके अंतर्गत उन खिलाड़ियों का ही चयन किया जाना है जिन्होंने पहले एकलव्य क्रीड़ा कोष या किसी अन्य स्रोत से सहायता न पाई हो। सितंबर माह में ही ऐसे खिलाड़ियों से आवेदन मांगे गए थे। साथ ही 15 सितंबर तक इसे जमा कर देने का आदेश हुआ था। इसके बाद चयनित कमेटी की ओर से वरीयता सूची बनाकर इन्हें समारोह पूर्वक यह सम्मान देने का निर्णय किया गया है।
चयनित खिलाड़ियों के नाम पर विवाद न हो, इसके लिए इनका नाम घोषित नहीं किया जा रहा है। रवींद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में दो नवंबर को जिलाधिकारी की उपस्थित में सम्मान समारोह आयोजित करके इन्हें यह सहायता सामग्री प्रदान की जाएगी।
-राज नारायण प्रसाद, क्रीड़ाधिकारी