खामपार। पुलिस ने एक बोलेरो वाहन से 20 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए वाहन पर लगी नंबर प्लेट भी फर्जी थी। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1.15 लाख रुपये बताई जा रही है। खामपार थाना पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर भिंगारी ओवरब्रिज के पास एक सिल्वर रंग की चार पहिया गाड़ी को रोका गया। जांच में वाहन पर लगी कुशीनगर जिले से संबंधित नंबर प्लेट फर्जी पाई गई। बिहार के नंबर वाली असली नंबर प्लेट गाड़ी में ही छिपाकर रखी गई थी।
तलाशी के दौरान वाहन से 20 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसमें कुल 960 पाउच (प्रत्येक 180 एमएल) यानी 172.8 लीटर शराब थी। पुलिस ने मौके से रंजीत कुमार (40 वर्ष), निवासी पिपरा करौती, थाना उदाकिशुनगंज, जिला मधेपुरा (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई के दौरान उपनिरीक्षक कृपाराम यादव, प्रियांशु कुमार दुबे, हेड कांस्टेबल राजेंद्र कुमार, कांस्टेबल दीपक कुमार और कांस्टेबल दीपक आदि मौजूद रहे।