ट्रेलर की चपेट में आने से हुई थी मौत, अमन की मौत के बाद परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
दस वर्ष पहले अमन के पिता की हो चुकी है मृत्यु
संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपाररानी। थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों के दो युवकों की सलेमपुर कोतवाली के मझौली राज स्थित दीर्घेश्वर नाथ मंदिर मोड़ पर हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचा तो परिजनों की चीत्कार से हर किसी की आंखें नम हो गईं।
भाटपार रानी थाना क्षेत्र के जगहथा गांव निवासी राहुल कुमार पुत्र बनारसी प्रसाद व भाटपार रानी थाना क्षेत्र के भिंडा मिश्र गांव के समीप रहने वाले अमन पुत्र स्व. राकेश सिंह एक ही बाइक से सलेमपुर के लिए निकले। दोनों आपस में बात कर हंसी-खुशी जा रहे थे। उन्हें क्या पता था कि रास्ते में काल उनका इंतजार कर रहा है। अभी वे मझौलीराज से मैरवा जाने वाली सड़क पर दीर्घेश्वर नाथ मंदिर मोड़ के समीप ही पहुंचे थे कि विपरीत दिशा से आ रही बाइक से टक्कर हो गई।
इस टक्कर में बाइक चला रहे अमन सिंह पीछे से आ रहे ट्रेलर की चपेट में आ गया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, राहुल भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लाया जा रहा था कि सोनूघाट के समीप उसने भी दम तोड़ दिया।
अमन बीआरडी इंटर काॅलेज में 11वीं का छात्र था। पिता की दस साल पहले मृत्यु हो गई थी। वह इकलौता पुत्र था। मौत की खबर मिलते ही मां संजू व दो बहनें संजना व पायल का रो-रो कर बुरा हाल था।