फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: बैतालपुर डिपो के पास दो एथेनाॅल भरे टैंकर टकराए, टला बड़ा हादसा

Mon, 01 Apr 2024 06:39 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देवरिया
विज्ञापन
विज्ञापन
फोटो समाचार.......
विज्ञापन

मेरठ से बैतालपुर डिपो में एथेनाॅल लेकर आ रहे थे दोनों टैंकर
डिपो से महज कुछ ही दूरी पर हुई घटना, पुलिस ने दिखाई तत्परता
सुरक्षा को लेकर सड़क की एक लेन पर आवागमन किया गया अवरुद्ध
मौके पर ब्रिगेड के साथ पुलिस बल मुस्तैद, डिपो के अधिकारी भी लेते रहे जायजा
संयोग था कि टैंकर में खलासी नहीं था मौजूद, नहीं तो चली जाती जान
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया/बैतालपुर। गौरीबाजार थानाक्षेत्र के बैतालपुर स्थित पेट्रोलियम डिपो से महज सात से आठ सौ मीटर की दूरी पर एथेनाॅल लोडेड दो टैंकरों की आपस में जोरदार टक्कर हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे वाले टैंकर के आगे का बायां हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों टैंकरों से रिसाव देखकर मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को वहां से हटवाया। इसके बाद उस मार्ग पर आवागमन बंद करवाया और सड़क की एक लेन से आवागमन करवाया। पुलिस की इस सूझबूझ ने एक बड़े हादसे को टाल दिया।

गौरीबाजार थानाक्षेत्र के बैतालपुर नगर पंचायत स्थित ऑयल डिपो में मेरठ के नंगलामल्ल से एथेनाॅल भरकर टैंकर देवरिया डिपो के लिए रवाना हुआ। शनिवार को एक साथ एक ही कंपनी के पांच लोडेड टैंकर देवरिया आ रहे थे। प्रत्येक टैंकर में 40 हजार लीटर एथेनाॅल लोड था। इसमें तीन टैंकर घटना से कुछ घंटे पहले डिपो में आ गए थे। दो टैंकर पीछे से आ रहे थे। अभी टैंकर बैतालपुर डिपो से महज सात से आठ सौ मीटर की दूरी पर ही पहुंचे थे कि अचानक आगे चल रहे टैंकर चालक ने सामने एक वाहन को देखकर ब्रेक लिया। यह देखकर पीछे-पीछे चल रहे तेज रफ्तार टैंकर के चालक ने नियंत्रण खो दिया और आगे चल रहे टैंकर में जोरदार टक्कर मार दी। इसकी आवाज दूर तक सुनाई दी और लोग उस तरफ दौड़ पड़े।
विज्ञापन

लोगों ने इसकी सूचना बैतालपुर पुलिस चौकी पर दी। तत्काल मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी आनंद राव, हेड कांस्टेबल ताजुद्दीन सिद्दिकी, आनंद मिश्र, अमन अग्रहरी आदि राहत बचाव कार्य में जुट गए। सबसे पहले उन्होंने बड़ा हादसा होने का भय देखकर मौके पर मौजूद भीड़ को हटवाया। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक दीपेंद्र नाथ चौधरी, सीओ रुद्रपुर अंशुमान श्रीवास्तव, एसडीएम सदर विपिन कुमार द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार मिश्र ने मौके पर पहुंच जायजा लिया।

कोट
सीओ रुद्रपुर अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस बल ने अपने दायित्वों का बखूबी निर्वहन किया। डिपो अधिकारियों से घटना की बाबत कई बार टेलीफोन से वार्ता की गई। पर उन्हें कोई माकूल जवाब नहीं मिला।

दो वर्ष पूर्व टैंकर में तेल भरते समय लगी थी आग
2004 में इंडियन ऑयल के तेल डिपो में लगी थी आग, एक कर्मचारी की हुई थी मौत
देवरिया/बैतालपुर। हाल ही दो वर्ष पूर्व यानी 24 फरवरी 2021 को तेल डिपो के ऑयल टैंकर यूपी-52 एके-5657 नंबर का एक टैंकर इंडियन ऑयल डिपो के परिसर में तेल भरवाने पहुंचा। बताया जाता है कि ओटीपी लॉक करते समय टैंकर के इंजन में अचानक आग लग गई। आग लगते ही टैंकर का ड्राइवर तो कूद गया, जबकि वहां मौजूद डिपो कर्मचारी जैकेब निषाद निवासी सोपरी थाना गौरीबाजार गंभीर रूप से झुलस गए। टैंकर में आग लगने की सूचना से डिपो में खलबली मच गई। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचा और डिपो के सुरक्षा दस्ते के साथ काफी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। तेल डिपो में आग लगने की इस सूचना पर लोगों को डेढ़ दशक पूर्व का मंजर याद आने लगा। साल 2004 में इसी इंडियन ऑयल के तेल डिपो में आग लगी थी। उस बार आग इस कदर भयावह थी कि अगल-बगल के ग्रामीणों ने गांव खाली करना शुरू कर दिया था। देवरिया-गोरखपुर रोड को बंद कर दिया गया था। जिला प्रशासन लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में लग गया था। उस दौरान आग में सुधीर गुप्ता नामक एक डिपो कर्मचारी की मौत भी हो गई थी।

बैतालपुर में हैं कई पेट्रोलियम पदार्थों के भंडारण गृह

देवरिया-गोरखपुर रोड पर स्थित बैतालपुर के पास इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम का तेल डिपो अगल-बगल स्थित है। यहां से पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों समेत नेपाल को भी पेट्रोल व डीजल की आपूर्ति की जाती है। इसके चलते यह इलाका डेंजर जोन घोषित किया गया है। डिपो के कर्मचारियों की मानें तो तेल डिपो पर इस तरह की घटना होती है तो अगल-बगल 10 से 15 किलोमीटर एरिया तक आग फैल सकती है।

आबकारी विभाग अपनी देखरेख में एथेनाॅल को दूसरे टैंकर में पलटी कराने में जुटा
बैतालपुर डिपो की सीमा से महज 800 मीटर की दूरी पर दो टैंकर के आपस में लड़ने की सूचना पर आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद डिपो के कर्मियों से घटना का मुकदमा कराने की बात कही। आबकारी इंस्पेक्टर सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि मुकदमा दर्ज होने के बाद दूसरा टैंकर मंगाकर क्षतिग्रस्त टैंकर का एथेनॉल उसमें पलटी कराकर डिपो में भेजा जाएगा। मौके पर जिला आबकारी अधिकारी अनिल कुमार भारती, आबकारी इंस्पेक्टर सुधीर कुमार सिंह, श्रीकांत तिवारी, पकंज चौधरी, परमात्मा सिंह, राघवेंद्र सिंह मौजूद थे। आबकारी अधिकारी अनिल कुमार भारती ने बताया कि दोनों टैंकरों से एथेनॉल का रिसाव हो रहा है। ऐसे में इस तरह से डिपो में ले जाना खतरे से खाली नहीं होगा। दूसरे टैंकर में पलटी कराने के बाद ही डिपो में भेजा जाएगा। आबकारी विभाग की पूरी टीम मौके पर मुस्तैद है।

संयोग था कि टक्कर के बाद नहीं हुई स्पार्किंग

दोनों टैंकरों में भरा था करीब 80 हजार लीटर एथेनाॅल
चंद मिनट में ही तीनों डिपो सहित आसपास के तीन से चार किमी परिधि वाले क्षेत्र आ जाते आगोश में
दिखाई नहीं देती आग, जब आप महसूस करते तब तक सबकुछ जल जाता
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया/बैतालपुर। मेरठ के नंगलामल्ल चीनी मिल से बैतालपुर डिपो में एथेनॉल की सप्लाई होती है। हमेशा की तरह एथेनाॅल लोड कर पांच टैंकर बैतालपुर के लिए शनिवार की रात गोरखपुर से चले। तीन टैंकर आगे हो गए। दो टैंकर साथ चल रहे थे। दोनों टैंकर एक रफ्तार में चल रहे थे। डिपो के मुख्य गेट से करीब 800 मीटर दूर थे। तभी सामने से एक वाहन को आते देखकर आगे चल रहे टैंकर ने ब्रेक लिया। अचानक ब्रेक लेने से पीछे वाले टैंकर चालक ने नियंत्रण खो दिया। उसने काफी प्रयास किया कि भिड़ंत न हो, लेकिन पीछे से जोरदार टक्कर हो गई। खलासी जिस तरफ बैठता है, उस तरफ का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। सामने वाले टैंकर के पिछले हिस्से व पीछे वाली टैंकर के आगे वाले हिस्से से रिसाव शुरू हो गया। यह देखकर चालकों ने इसकी सूचना अपने अधिकारियों को दी। इधर, दोनों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि आगे वाले टैंकर के पीछे का दाहिना पहिया ब्लास्ट कर गया। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग व अन्य वाहन चालक भागते हुए मौके पर पहुंचे। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी कि एथेनॉल लदे दो टैंकर आपस में भिड़ गए हैं। बैतालपुर चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए मौके से सभी को हटाकर दूर किया। इसके बाद उस तरफ से वाहनों का परिचालन रुकवा दिया। सड़क की एक लेन से परिचालन शुरू करवाया। उस तरफ की सड़क के दोनों तरफ बैरिकेडिंग करवा दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे डिपो के अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया। इसके बाद रिसाव को बंद करवाया। देर शाम तक सड़क पर मौजूद दोनों टैंकर से एथेनाॅल को दूसरे वाहन में निकालकर डिपो भेजने की तैयारी में जुटे हुए थे। इंडियन ऑयल डिपो के एक पदाधिकारी ने बताया कि पेट्रोल में एथेनाॅल मिलाते हैं। एथेनाॅल ज्वलनशील पदार्थ है। इस लिहाज से इसका रिसाव बड़े हादसे को जन्म दे सकता था। गनीमत रही कि ऐसा कुछ नहीं हुआ। अधिकारी बताते हैं कि यह अतिज्वलनशील पदार्थों की श्रेणी में तो नहीं है। लेकिन, एहतियात के तौर पर बचाव के प्रयास जरूरी थे। लोगों की मानें तो अगर रिसाव के दौरान आग पकड़ लेती तो स्थिति भयावह हो जाती। पलभर में तीन से चार किमी की परिधि इसके आगोश में आ जाती। जहां घटना घटित हुई है। वहां से महज दो सौ मीटर की दूरी पर डिपो की सीमा शुरू हो रही थी। यह काफी तबाही मचाती, लेकिन संयोग ठीक रहा कि कुछ अनहोनी नहीं हुई।

क्या होता है एथेनाॅल
देवरिया। यह एक जलरहित एथिल अल्कोहल है। इसका रासायनिक सूत्र C2H5OH होता है। यह गन्ना, मक्का आदि से प्राप्त होता है। इसमें स्टाॅर्च की उच्च मात्रा होती है। भारत में मुख्य रूप से एथेनॉल का उत्पादन चीनी मिलें करती हैं। इसका उपयोग पेट्रोल में मिलाकर प्रदूषण को कम करने के लिए किया जाता है। इसके इस्तेमाल से गाड़ियां 35 प्रतिशत कार्बन मोनोऑक्साइड का उत्सर्जन कम करती हैं। यह सल्फर डाइऑक्साइड और हाइड्रोकार्बन का उत्सर्जन भी कम करता है।


गन्ने के रस से बनता है एथेनाॅल
एथेनाॅल गन्ने के रस से बनता है। अगर पेट्रोल पानी के संपर्क में आता है तो पेट्रोल में मिला एथेनाॅल भी पानी बन जाता है। एथेनाॅल भविष्य का एक बेहद ही महत्वपूर्ण तत्व है। यह प्रदूषण को कम करता है। यही कारण है कि इन दिनों सरकार और ऑटो-मोबाइल सेक्टर के साथ ही पूरी दुनिया में यह खासतौर से चर्चा का विषय है। भारत सरकार ने साल 2025 तक पेट्रोल में करीब 20 प्रतिशत एथेनाॅल के मिश्रण का लक्ष्य रखा है। वर्तमान में अभी 12 प्रतिशत मिश्रण का लक्ष्य है। डिपो के पदाधिकारियों की मानें तो वर्तमान में 100 लीटर पेट्रोल में 12 लीटर एथेनॉल मिलाया जाता है।
विज्ञापन


एक तरह का अल्कोहल है एथेनाॅल
एथेनाॅल दरअसल एक तरह का अल्कोहल है। इसे पेट्रोल में मिलाकर गाड़ियों में फ्यूल की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है। इसका प्रोडक्शन गन्ने की फसल से होता है। लेकिन इन दिनों शर्करा वाली कई अन्य फसलों से भी इसे तैयार किया जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें