संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। मदनपुर की ओर जा रहा एक वाहन सरयां पुल के नीचे गिर गई। चार पहिया गाड़ी में सवार दो युवक घायल हो गए। उनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को रुद्रपुर सीएचसी से मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया गया।
बृहस्पतिवार को बिना नंबर प्लेट का चारपहिया वाहन रुद्रपुर से मदनपुर की ओर जा रहा था। गाड़ी में मदनपुर के दो युवक सवार थे। वाहन सरयां पुल के एप्रोच से अनियंत्रित होकर 15 फीट नीचे गिर गया। वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। वाहन में सवार राहुल (32) और राकेश राजभर (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को राहगीरों ने सीएचसी पहुंचाया। राहुल के सिर में गंभीर चोट आई है। वहीं, राकेश के भी शरीर के कई हिस्सों में चोट आई है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। वहां राहुल की हालत चिंताजनक है।
उधर, मदनपुर मार्ग पर टड़वा गांव के पास हरियाणा प्रदेश की कार सड़क के नीचे उतर गई। कार सवार गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।