रुद्रपुर-नारायनपुर मार्ग पर पिपरा कछार के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज़ एजेंसी।
रुद्रपुर। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे बाइक सवार दो युवक खड़ी ट्रैक्टर ट्राॅली में रुद्रपुर-नारायणपुर मार्ग पर रविवार की रात में घुस गए। इससे दोनों की मौत हो गई। युवकों ने बाइक में हेलमेट लटका रखा था।
गोरखपुर जिले के हैदरगंज के रहने वाले संदीप (40) पुत्र बाबूलाल और देवरिया जिले के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के सेखुई गांव के रहने वाले गोविंद साहनी (40) पुत्र रामबृक्ष रविवार की रात करीब आठ बजे बाइक से नारायनपुर की तरफ से रुद्रपुर जा रहे थे।
परिजनों के अनुसार उन्हें गौरी बाजार के बखरा गांव में एक समारोह में शामिल होने जाना था। नरायनपुर से रुद्रपुर की तरफ आते समय पिपरा कछार पुल के करीब सड़क के किनारे एक ट्रैक्टर ट्राॅली खड़ी थी। बाइक सवार दोनों युवक खड़ी ट्रैक्टर ट्राॅली में भिड़ गए। दोनों के सिर में गंभीर चोट आई।
लोगों के अनुसार बाइक सवारों ने बाइक के हैंडल में हेलमेट लटका रखा था । घायल अवस्था में पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार वाजपेयी ने बताया कि सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा जा रहा है। घटना के बारे में परिजनों को सूचना दे दी गई है।