गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राॅली से बुलेट की हुई टक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। गौरीबाजार-हाटा मार्ग पर वकीलगंज चौराहे के पास बुधवार की देर रात गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली और बुलेट में जोरदार टक्कर हो गई। इसमें बुलेट सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। उधर, घटना की सूचना मिलने पर मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
गौरीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम बसंतपुर निवासी विकास राय (30) पुत्र चंद्रबली राय अपने मित्र और सेना में तैनात गिरिजेश सिंह (32) निवासी करौंदी बाजार के साथ बुलेट पर सवार होकर हाटा से बसंतपुर आ रहे थे।
इसी बीच हाटा मार्ग पर वकीलगंज चौराहे पर गन्ना लदी ट्रैक्टर में जुड़ीं दो ट्राॅलियों की बुलेट से आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तेज आवाज आसपास भी सुनी गई। दुर्घटना के बाद दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
एसओ दिनेश मिश्र ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने ने शव को कब्जे में ले लिया।