पीएन एकेडमी, जीआईसी, बैतालपुर अगले दौर में
स्कूल इंडिया कप जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का तीसरा दिन
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। स्कूल इंडिया जिला फुटबॉल प्रतियोगिता में बृहस्पतिवार को पीएन एकेडमी, जीआईसी-ए, जीआईसी-बी और महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज पथरदेवा ने लीग दौर में अपने-अपने मैच जीतकर अंकों में बढ़त हासिल की। शुक्रवार से दूसरे लीग दौर की शुरुआत रुद्रपुर और सलेमपुर नगर स्थित मैदान पर होगी।
स्कूल स्पोर्ट्स प्रमोशन फाउंडेशन और भारतीय खेल प्राधिकरण के संयोजन में रविंद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे नौ दिवसीय प्रतियोगिता के तीसरे दिन कुल चार मैच खेले गए। पहला मैच जीआईसी-ए और प्राइमरी विद्यालय डुमरिया लाला की टीम के मध्य खेला गया। मैच के 40वें मिनट में अंगद ने शानदार मैदानी गोल कर जीआईसी को 1-0 से बढ़त दिलाई। अंत में इसी स्कोर पर टीम ने विजय हासिल की। दूसरा मैच पीएन एकेडमी और सरस्वती विद्या मंदिर के बीच हुआ। इसमें 33वें मिनट में शिवम, तीन मिनट बाद ही सरफराज ने गोल दाग पीएन एकेडमी को जीत दिलाने में अहम योगदान दिया। तीसरा मैच जीवन ज्योति शिक्षा निकेतन और जीआईसी-बी टीम के मध्य खेला गया। इसमें वसीम, आदित्य व अविनाश ने क्रमश: दूसरे, 40वें व 45वें मिनट में गोल दाग जीवन ज्योति टीम को 3-0 से आगे कर दिया। 47वें मिनट में जीआईसी के विकास ने दर्शनीय गोल कर स्कोर को 3-1 कर दिया। दिन का अंतिम मैच बापू इंटर कॉलेज सलेमपुर एवं महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज पथरदेवा के बीच हुआ। मध्यांतर तक कड़े संघर्ष के बाद भी कोई गोल नहीं हो पाया। 42वें मिनट में मंजर हुसैन ने मैच का एकमात्र गोल कर पथरदेवा टीम को जीत दिला दी। इसके पूर्व मुख्य अतिथि राकेश धर दुबे ने खिलाड़ियों से परिचय कर मैच का शुभारंभ कराया।
आज यहां इनके बीच होगा मैच
सतासी इं.कॉ. बनाम बंगाल बुलुमर, सतासी इं.कॉ. ग्राउंड पर सुबह 9 बजे
मातेश्वरी जूनियर हाईस्कूल बनाम मिशन हाईस्कूल, सतासी इं.कॉ. ग्राउंड 11 बजे
एलएफएस टीम ए बनाम ज्ञानोदय शिक्षा निकेतन, एलएफएस ग्राउंड सलेमपुर में 2 बजे
एलएफएस बी बनाम एसके इं.कॉ., एलएफएस ग्राउंड सलेमपुर, 3.30 बजे