फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बीएसए से बोले डीएम, करा दूंगा सस्पेंड

विज्ञापन
जिलाधिकारी ने बीएसए कार्यालय का जांच किया। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
देवरिया। डीएम सुजीत कुमार ने मंगलवार की दोपहर बीएसए कार्यालय का निरीक्षण किया। एक-एक पटल पर जाकर उन्होंने वहां की व्यवस्था देखी और फाइलों के रखरखाव पर बाबुओं को फटकार लगाई। शासनादेश की पत्रावलियों की हालत देख इनके खराब हालत पर इन्हें ठीक कराने को कहा। कार्यालय की बेतरतीब और अस्त-व्यस्त हालत देख और शिकायतों का निस्तारण नहीं होने पर नाराज डीएम ने बीएसए से यहां तक कह दिया कि प्रमुख सचिव का जिले में दौरा होने वाला है, सबसे पहले इसी कार्यालय में भेजकर सस्पेंड करा दूंगा।
विज्ञापन

जिलाधिकारी सुजीत कुमार पौने एक बजे अचानक बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यालय पहुंच गए। डीएम के पहुंचते ही कार्यालय के बाबुओं और चपरासियों के साथ ही कार्यालय के बाहर और अंदर सेटिंग-गेटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया। डीएम ने भूतल के प्रत्येक पटल का निरीक्षण किया और बाबुओं से परिचय कर उनके कार्यों के बारे में पूछताछ की। फाइलों के रखरखाव की व्यवस्था देख डीएम ने नाराजगी जताई और कहा कि इसी तरह रखी जाती हैं फाइलें? शासनादेश के पत्रावलियों की सूची के बारे में पूछा तो जवाब नदारद मिला। आलमारियों को पर्दे के पीछे रखे जाने पर कहा कि ऐसे में इसमें बम या चूहा भी निकल सकता है। सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी सर्व शिक्षा अभियान कक्ष में सीएम और पीएम की फोटो लगी होने पर कहा संबंधित अधिकारी कामेश्वर कुमार से पूछा कि यहां डॉ. भीमराव आंबेडकर और महात्मा गांधी की फोटो क्यों नहीं है। इन महापुरुषों की फोटो भी यहां लगाएं। क्रम से सभी पटल देखने के बाद वह बीएसए के कमरे में जाकर बैठ गए। उपस्थिति पंजिका मंगाकर उन्होंने इसकी जांच की और लापरवाही बरतने वाले लिपिकों व चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों पर कार्रवाई करने को कहा। वहीं से उन्होंने एक-एक पटल के बाबुओं को बुलाकर उनसे उनके कार्यों, पेंडिंग में पड़ी फाइलों में लेटलतीफी के बारे में जानकारी ली। उनसे कहा कि अपनी कार्यशैली सुधार लें, अन्यथा शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई केेे लिए तैयार रहे। डेढ़ घंटे बाद निकले डीएम को बीएसए ने बताया कि बरसात के दिनों तक यह दफ्तर पानी से भर जाता है, इस पर डीएम ने कहा कि प्रस्ताव बनाकर दीजिए इसकी व्यवस्था बनाई जाएगी।

डीएम बोले, आपके बारे में भी खूब हैं शिकायतें
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएसए कार्यालय के वित्त व लेखाधिकारी जगदीश श्रीवास्तव से कहा कि आपके खिलाफ शिकायतेें खूब हैं। सेवानिवृत्त शिक्षकों के मामलों का निपटारा करने में हीलाहवाली हो रही है। गैर जरूरी लोगों का जमावड़ा ज्यादा हो रहा है। इसमें सुधार लाएं, अन्यथा कार्रवाई होगी।
विज्ञापन


गलत तरीके से नियुक्ति होने पर हुआ निरीक्षण
सलेमपुर विकास खंड के एक विद्यालय में हुई नियुक्तियों को लेकर कई तरह की चर्चा रही। इसमें विभाग के अधिकारियों से मिलीभगत कर उनके रिश्तेदारों की गलत तरीके अपनाकर नियुक्ति की गई है। बीएसए कार्यालय के बाहर लोग इसे लेकर आपस में चर्चा करते रहे। लोगों का कहना था कि इन नियुक्तियों के विरोधी पक्ष के लोगों ने ऊपर तक अपनी शिकायत पहुंचाई है। इसके बाद ही डीएम का निरीक्षण हुआ। लोगों ने यह भी कहा कि पहली बार किसी डीएम ने डेढ़ घंटे तक बैठकर अधिकारियों और बाबुओं के कार्यों की जांच की है। वहीं निरीक्षण के चलते कार्यालय में जरूरी कार्यवश आए लोगों का काम भी बाधित हुआ।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें