देवरिया। सलेमपुर ब्लॉक के एक गांव में 12 मृतकों के बैंक अकाउंट में कई माह से वृद्धा पेंशन भेजने की शिकायत जांच में सही मिली। समाज कल्याण विभाग ने उनके बैंक अकाउंट से 44200 रकम वापस कराया है। लापरवाही की वजह सत्यापन नहीं होना बताया जा रहा है। इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी गई है।
अफसरों की लापरवाही के चलते सलेमपुर के पड़री झिल्लीपार गांव निवासी बिजुली देवी, देवराजी देवी, गुलाबी देवी, लाची देवी, राजकली, रमावती, सोनपती, सहारो, सुकदईया और विद्यावती समेत 12 महिलाओं का खाता सेंट्रल बैंक पड़री बाजार में था। इनके अकाउंट में वृद्धा पेंशन भेजा रहा था। इसकी शिकायत किसी ने डीएम सुजीत कुमार से की। डीएम के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग की ओर से की गई जांच में शिकायत सही मिली। सभी बैंक अकाउंट में पड़े 44200 रुपये वापस कराकर लेखा शीर्षक में जमा करा दिया गया। इसके अधिकांश महिलाओं की मृत्यु वर्ष 2016, 2017 में हो चुकी है। जबकि देवराजी और विद्यावती की मौत जनवरी 2018 में हुई है। वहीं प्रत्येक साल विधवा, वृद्धा और दिव्यांग पेंशनधारकों का सत्यापन लेखपालों से कराया जाता है। लेकिन पड़री झिल्लीपार गांव का पूर्व में भेजे गए में सत्यापन रिपोर्ट गलत निकला। इस बाबत समाज कल्याण अधिकारी दीनानाथ शुक्ल ने बताया कि डीएम के माध्यम से इसकी रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। सत्यापन करने वाले अफसर ने गलत रिपोर्ट भेजी थी। इस कारण मृतकों के अकाउंट में वृद्धा पेंशन की रकम जा रही थी।