वकीलो ने कलेक्ट्रेट में धरना दिया।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। संपूर्ण समाधान दिवस पर एसपी और अधिवक्ताओं के बीच हुए विवाद में कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। दरोगा जटाशंकर सिंह की तहरीर पर दो अधिवक्ता नर्वदा चौहान, कन्हैया मिश्र सहित 15-20 अज्ञात अधिवक्ताओं पर सरकारी काम में बाधा पहुंचने सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। इसे लेकर अधिवक्ताओं में काफी नाराजगी है।
मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान सदर तहसील में अधिवक्ता डीएम से बात कर रहे थे। इसी दौरान एसपी राकेश शंकर ने अधिवक्ताओं को अपशब्द बोल दिया। इससे अधिवक्ता उत्तेजित हो गए और जमकर नारेबाजी करते हुए एसपी को हटाने की मांग करने लगे। प्रदर्शन देख तत्काल पीएसी और जिले भर की फोर्स बुला ली गई थी। इसे लेकर अधिवक्ता आंदोलित हैं। दूसरी तरफ दरोगा जटाशंकर सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर अधिवक्ता नर्वदा चौहान, कन्हैया मिश्र सहित 15-20 अन्य वकीलों पर तहसील दिवस में बाधा डालने का केस दर्ज कराया है। बताया कि अधिवक्ताओं के हंगामा के चलते आधा घंटा तक संपूर्ण समाधान दिवस बाधित रहा। वादकारियों को दिक्कत हुई। ऐसे में इन लोगों का कृत्य अपराध की श्रेणी में आता है। इस बात की जानकारी जब शुक्रवार को अधिवक्ताओं को हुई, तो उनका गुस्सा और भी भड़क गया। अधिवक्ता आंदोलन को तेज करने की तैयारी में जुट गए है। अधिवक्ताओं का कहना हैं कि जब तक एसपी का स्थानांतरण नहीं हो जाता, तब तक आंदोलन चलता रहेगा।