रुद्रपुर में सर्वर फेल होने से बैंक में बैठी महिलाएं और बंद पड़ा एटीएम
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर। बीएसएनएल की सेवा ठप होने से शुक्रवार को कारोबार और बातचीत प्रभावित रही। सर्वर फेल होने से बैंकों में लेनदेन पूरे दिन बंद रहा। लोग दिनभर बैंकों में बैठ कर सर्वर सही होने का इंतजार करते रहे। बीएसएनएल का टॉवर नहीं होने से मोबाइल सेवा भी प्रभावित रही। जिले में बीएसएनएल कर्मचारियों की हड़ताल से लोगों पर खास असर दिखा। मांगों को लेकर बीएसएनएल के कर्मचारी हड़ताल पर हैं।
नगर के बस स्टेशन स्थित यूनियन बैंक की शाखा पर सुबह दस बजे रकम लेने वालों की भीड़ लगी रही, पर पांच मिनट काम करने के बाद ही सर्वर फेल हो गया। दोपहर तीन बजे तक महिलाएं बैंक में सर्वर आने के इंतजार में बैठी रहीं। एसबीआई, पीएनबी और सेंट्रल बैंक की शाखा पर भी सर्वर की खराबी के कारण रुपये का लेनदेन बंद रहा। रकम निकालने के लिए लोग एटीएम पर लाइन लगाए। इंटरनेट सेवा प्रभावित होने से एटीएम भी नहीं चले। एसबीआई, यूबीआई और एसडीएफसी के एटीएम से लोग निराश होकर लौटे। देर शाम तक लोग रुपये लेने के लिए एटीएम के इर्द-गिर्द घूमते नजर आए। बीएसएनएल के मोबाइल उपभोक्ता भी मोबाइल में टॉवर नहीं होने से परेशान रहे। नगर में एक दर्जन साइबर कैफे वाले बीएसएनएल के ब्रॉडबैंड के प्रयोग करते हैं। ऐसे में इंटरनेट बंद होने से कैफेवालों का कारोबार प्रभावित रहा। यूबीआई के शाखा प्रबंधक ने कहा कि सर्वर खराब होने से लेन देन बंद रहा। शनिवार को सर्वर ठीक रहा तो बैंक में काम काज होंगे।