रामपुर कारखाना। स्कूली बस में सवार बच्चों का चालक नियंत्रण खोकर सड़क से नीचे बंधे की ओर जाने लगा। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर एकत्र हुए गांववालों ने बस को रस्सीे से बांधकर 20 फुट नीचे पानी से भरे गड्ढे में जाने से बचा लिया।
पटनवा पुल से पश्चिम की ओर जाने वाले शमीपट्टी बंधे पर गुरुवार की सुबह यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल का बस बच्चों को लेकर देवरिया जा रहा था। उसमें चार दर्जन बच्चे सवार थे। अभी बरईपुर राव गांव के निकट बस पहुंची थी कि चालक ने नियंत्रण खो दिया और बंधे से नीचे की ओर जाने लगी। बच्चे चिल्लाने लगे। यह देख आसपास के लोग दौड़ पड़े। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक के सहारे बस को रोका, तब तक गांववाले भी मौके पर पहुंच कर रस्सी और बांस-बल्ली के सहारे बस को नीचे जाने से रोक लिया और बच्चों को बाहर निकाला। घटना की खबर सुन अभिभावकों सहित रामपुर कारखाना पुलिस मौके पर पहुंची।