देवरिया। पिपरपाती गांव में डबल मर्डर को लेकर पुलिस उलझन में है। पूरी फोर्स खुलासे में जुटी है। इसका फायदा बदमाश उठा रहे हैं। चकियवां ढाले के पास बुुधवार की शाम साढ़े सात बजे के करीब बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला को धमका कर उसके गले का चेन खींच लिया। घटना स्थल पर करीब पांच घंटा पहले सैकड़ों की तादात में फोर्स तैनात थी। बुधवार की सुबह कारोबारी से पचीस हजार रुपये की लूट हो हुई थी।
कोतवाली थानाक्षेत्र के नेहरूनगर निवासी इंद्रावती कपड़ा खरीदने बाजार में निकली थी। शाम साढ़े सात बजे के करीब चकियवां ढाले के रास्ते लौट रही थीं। बाइक सवार दो बदमाशों ने रास्ते में रोक लिया। महिला को धमकाने के बाद गले का चेन खींचकर फरार हो गए। शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे और सूचना पुलिस को दी। चेन स्नेचिंग की घटना को पुलिस संदिग्ध मान रही है। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी। मजे की बात यह है कि डबल मर्डर को लेकर सुबह नौ बजे पिपरपाती गांव के सैकड़ों लोगों ने चकियवां ढाले के पास चक्का जाम किया था। सुरक्षा को लेकर चकियवां ढाले के पास अतरिक्त फोर्स तैनात की गई थी। इसके बाद भी चेन स्नेचिंग की घटना होना पुलिस की लापरवाही उजागर करती है।