देवरिया। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 के आयोजन के लिए जिले में 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा 25 और 30 अक्तूबर के साथ एक नवंबर को होगी। प्रत्येक दिन दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। हर पाली में 8400 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस तरह प्रतिदिन 16,800 और तीन दिनों में कुल 50,400 अभ्यर्थियों के परीक्षा देने की व्यवस्था की गई है। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की ओर से 13 अक्तूबर को जारी आदेश के अनुसार, पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक आयोजित होगी। तीन दिनों में परीक्षा के कुल छह सत्र होंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद्र नाथ ने बताया कि परीक्षा को नियमानुसार संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।