रामपुर बुजुर्ग/देवरिया। श्रीरामपुर थाना पुलिस ने अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी वाहन से 189 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की है। हालांकि वाहन चालक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी अंशुमन श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में मंगलवार की सुबह मोर्निंग वाकर चेकिंग के दौरान हदहदवा मंदिर के पास यूपी बिहार बॉर्डर पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक चालक लक्जरी वाहन को तेज गति से मोड़कर बैकुंठपुर मार्ग की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो चालक ट्रांसफाॅर्मर तिराहे के पास वाहन छोड़कर भाग गया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 16 पेटी बंटी-बबली और पांच पेटी रोमियो राजा ब्रांड की अवैध देसी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा 189 लीटर बताई जा रही है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बरामद शराब की कीमत करीब 50 हजार रुपये और वाहन की कीमत करीब आठ लाख रुपये आंकी गई है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक राघवेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार, हेड कांस्टेबल हरिकेश गुप्ता, कांस्टेबल राजेंद्र राव शामिल रहे।