------------
मेन :
कानून की मर्यादा तोड़कर नहीं बनेगा राममंदिर : महेंद्र नाथ
प्वाइंटर
- प्रदेश अध्यक्ष बोले- राजनीति नहीं, जनता की आस्था का मुद्दा है मंदिर निर्माण
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को आस्था का मुद्दा बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा कभी भी इसे राजनीतिक मुद्दा बनाकर चुनाव नहीं लड़ी। पार्टी चाहती है कि अयोध्या में श्रीराम की जन्मभूमि पर उनका भव्य मंदिर बने, लेकिन इसके लिए सबकी सहमति हो और तरीका कानून सम्मत हो। पार्टी कानून की मर्यादा तोड़कर मंदिर का निर्माण नहीं चाहती।
शनिवार को यहां गेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान डॉ. पांडेय ने मंदिर निर्माण के संबंध में होने वाली विहिप की बैठक से भी खुद को दूर रखा। कहा कि विहिप अलग संगठन है। उनकी बैठक कब और कहां होनी है, इससे भाजपा का कोई लेना-देना नहीं। संघ प्रमुख के बयान से खुद को जोड़ते हुए कहा कि अयोध्या में भगवान राम का जन्म हुआ था और वहां मंदिर का निर्माण होना चाहिए। मंदिर निर्माण से आपसी सौहार्द बढ़ेगा। एक सवाल के जवाब में कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था दिन-प्रतिदिन मजबूत हो रही है। इसे बिगाड़ने का प्रयास करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह पुलिस वाले ही क्यों न हों। पार्टी विकास और लोककल्याणकारी योजनाओं के बल पर 2019 का चुनाव लड़ेगी।
---
एससी-एसटी का दुरुपयोग नहीं होने देंगे
एससी-एसटी एक्ट में संशोधन को लेकर हो रहे विरोध पर डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा कि किसी को भी इस एक्ट का दुरुपयोग नहीं करने दिया जाएगा। संविधान सभा में 75 फीसदी सवर्ण सदस्य थे। उन्होंने वर्षों से दबे-कुचले, शोषित और पिछड़े वर्ग के उत्थान के लिए सर्वसम्मति से आरक्षण की व्यवस्था लागू की थी। उन्हीं भावनाओं के तहत दबे-कुचले और कमजोर-दलितों के उत्थान के लिए एससी-एसटी एक्ट बनाया गया है। केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि इस एक्ट को दुरुपयोग न हो।