स्टेडियम में आयोजित फुटबाल प्रतियोगिता में एक दुसरे से अपने कब्जे मे बाल लेने का प्रयास करते खिलाडी।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। अंडर-19 जूनियर वर्ग मंडल स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला मदनी क्लब मेहा के नाम रहा। मदनी क्लब ने सद्भावना क्लब गोरखपुर को 4-3 गोल से हराया। प्रतियोगिता के दूसरे मैच में लिटिल फ्लावर सलेमपुर ने सेंट जोसेफ खोराबार को खेल के अंतिम क्षणों में 1-0 से मात देकर दो अंक की बढ़त बनाई।
रविंद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में बृहस्पतिवार को चार दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि सुनील सिंह, डॉ. आरके श्रीवास्तव, सुधीर सिंह ने उद्घाटन मैच के दोनो टीमों के खिलाड़ियों से परिचय कर किया। दिन का पहला मैच मदनी क्लब मेहा और सद्भावना क्लब गोरखपुर के मध्य हुआ। पहले हॉफ के 26वें मिनट में मेहा के नफीस ने पहला गोल दाग टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद गोरखपुर के खिलाड़ियों ने गोल करने के कई प्रयास किए। दूसरे हॉफ के अंतिम क्षणों में गोरखपुर के मोहित ने गोल दाग स्कोर को 1-1 से बराबरी पर ला दिया। अंत में पेनाल्टी शूट आउट में मदनी क्लब ने गोरखपुर को 4-3 से हराकर बाजी अपने नाम कर ली। दूसरा मैच लिटिल फ्लावर सलेमपुर और सेंट जोसेफ खोराबार के मध्य बड़ा ही रोमांचक रहा। दूसरे हॉफ के अंतिम क्षणों में सलेमपर टीम के विकास के पास पर सन्नी सिंह ने दर्शनीय गोल कर टीम को 1-0 से जीत दिला दी। मौके पर प्रतियोगिता के संरक्षक एवं जिला क्रीड़ाधिकारी केके पांडेय ने अतिथियों का स्वागत किया।
---
इनसेट
आज का मुकाबला
- कुशीनगर बनाम जनता इंटर कॉलेज चरगांवा गोरखपुर, समय: अपराह्न तीन बजे
- स्पोर्ट्स स्टेडियम देवरिया बनाम एकलव्य क्लब रुद्रपुर, समय: अपराह्न चार बजे