देवरिया। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के आगमन को लेकर पांच दिनों से चल रही सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। अफसरों के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद कलराज मिश्र ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। सड़कों के मामले में देवरिया का जहां कायाकल्प होगा, वहीं शहर का विस्तार होगा।
जीआईसी में बृहस्पतिवार को 12.45 बजे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पहुंचेंगे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने अफसरों से तैयारी से जुुड़ी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि देवरिया और कुशीनगर में पौने नौ सौ करोड़ की लागत से बनने वाली सड़कों का शिलान्यास किया जाएगा। इसमें देवरिया बाईपास और कप्तानगंज-पडरौना मार्ग समेत कई सड़कें शामिल हैं। इसके अलावा जिले के दर्जनों सड़कों का प्रस्ताव केंद्रीय मंत्री के सामने रखा जाएगा। बाईपास सड़क का निर्माण होने से शहर जाम की समस्या से मुक्त हो जाएगा और शहर का विस्तार होगा। मंच और वीआईपी रूम की चर्चा आम लोगों में जोरों में पर है। इस दौरान विधायक जन्मेजय सिंह, विजय दुबे आदि मौजूद रहे।
डीएम ने अफसरों को दी हिदायत
डीएम सुजीत कुमार और एसपी राकेश शंकर ने भी कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। डीएम ने अफसरों को हिदायत दी कि व्यवस्था में कोई कमी न रहे। सारी व्यवस्था चाक-चौबंद होनी चाहिए। एसपी राकेश शंकर ने पुलिसकर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिस पुलिसकर्मी की जहां ड्यूटी लगाई है, वे प्वाइंट पर मौजूद रहेंगे। प्वाइंट से हटने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
किधर बनेगा बाईपास, अभी तय नहीं
करीब 600 करोड़ की लागत से देवरिया बाईपास बनेगा। एनएच के अफसरों ने बताया कि शहर के उत्तरी छोर और दक्षिणी छोर से बाईपास सड़क निर्माण कराने की योजना है। जिधर से कम लागत होगा, उधर बाइपास का निर्माण कराने की योजना है।
पुलिस संभालेगी सुरक्षा की कमान
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की सुरक्षा सिर्फ जिले की पुलिस संभालेगी। राजकीय इंटर कॉलेज गेट, हेलीपैड और मंच तक का पुख्ता सुरक्षा का इंतजाम किया गया है। अंदर मौजूद कर्मचारियों का पास बनवाना पड़ेगा। एक कंपनी पीएसी भी बुलाई गई है, जिले के सभी मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी भी लगाई गई है।