बघौचघाट। दहेज के लिए एक महिला की ससुरालियों ने हत्या कर दी। विवाहिता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति और भाभी पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पति गुलाब को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गोपालगंज जिले के कटया थाना के अहिरौली गांव निवासी रिखई चौहान ने बेटी उर्मिला की शादी आठ साल पूर्व बघौचघाट थाना के दुलार पट्टी गांव के अमरपुर टोला निवासी गुलाब चौहान के साथ किया था। शनिवार को उर्मिला की घर के अंदर मौत हो गई। इसकी जानकारी होते ही मायके पक्ष के लोग पहुंच गए और ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। पुलिस इस मामले में विवाहिता के पिता रिखई चौहान के तहरीर पर पति गुलाब चौहान और इसके भाभी पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। एसओ सरोज शर्मा ने बताया कि केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है।