देवरिया। गौरीबाजार थाना के बैतालपुर कस्बे में बाइक सवार दो युवकों को पीछे से आ रही अनुबंधित बस ने ठोकर मार दी। बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा घायल हो गया। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शव को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। गौरीबाजार थाना के मदरसन गांव निवासी विजय प्रताप सिंह और गांव के ही दोस्त शैलेश सिंह बाइक से देवरिया जा रहे थे। बाइक शैलेश चला रहे थे। उसने हेलमेट पहन रखा था। जबकि विजय बिना हेलमेट के थे। दोनों देवरिया जा रहे थे। बाइक बैतालपुर कस्बे में प्रवेश करने वाली थी। पीछे से आ रही अनुबंधित बस एक ट्रक को ओवर टेक करते हुए आगे निकलने का प्रयास कर रही थी। बस चालक को आगे जा रहे बाइक सवार दिखे नहीं और उसने ठोकर मार दी। बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।