देवरिया। बैतालपुर ब्लॉक कैंपस में सुरचक गांव के प्रधान और सचिव आपस में भिड़ गए। दोनों में हाथापाई हुई। मौजूद लोगों ने किसी तरह मामले को शांत कराया। दोनों पक्ष से पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
बैतालपुर ब्लॉक कैंपस में मंगलवार को अंत्योदय मेला और प्रदर्शनी समापन अवसर पर क्षेत्र के सभी ग्राम प्रधान और सचिव मौजूद थे। समापन के बाद सुरचक गांव के प्रधान कमलेश त्रिपाठी और सचिव राजीव शंकर मिश्र कहासुनी करते हुए भिड़ गए। कहासुनी से मामला हाथापाई तक पहुंच गई। देखते ही देखते दोनों के बीच जमकर हाथापाई होने लगी। इस बीच पहुंचे लोगों ने किसी तरह दोनों को अलग किया। दोनों पक्ष ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सचिव का कहना है कि प्रधान आवास के लिए अपात्र व्यक्ति का नाम पात्रता सूची में शामिल करने के लिए दबाव बना रहे हैं। ऐसा न करने पर प्रधान ने पत्रावली को फाड़ते हुए मारपीट की गई। जबकि ग्राम प्रधान ने आरोप लगाते हुए कहा गया है कि पात्र व्यक्ति होने के बावजूद उससे आवास के लिए सचिव 20 हजार रुपये मांग रहे थे। यह पूछने पर सचिव ने हाथापाई शुरू कर दी।