देवरिया। गोरखपुर ओवरब्रिज के नीचे ड्यूटी पर गए दो सिपाहियों से किसी बात को लेकर तीन युवक भिड़ गए। युवकों ने सिपाहियों के साथ धक्का-मुक्की भी की। बाद में पहुंची फोर्स ने तीनों को पकड़ लिया। तीनों गोरखपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
सोमवार की रात को सदर कोतवाली के दो सिपाही ड्यूटी पर थे। बाइक से दोनों सिपाही गोरखपुर ओवरब्रिज के नीचे पहुंचे। वहां तीन युवक घूमते मिले। पुलिसवालों ने तीनों से पूछताछ शुरू की तो वे सिपाहियों से ही विवाद कर लिए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों युवकों ने सिपाहियों के साथ मारपीट भी की। किसी ने मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही अधिक संख्या में फोर्स मौके पर पहुंची। तीनों युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पूछताछ में तीनों ने अपना नाम दिवाकर सिंह, गोलू और राधेश्याम वर्मा और गोरखपुर के बशारतपुर का निवासी बताया। सदर कोतवाल नीतीश श्रीवास्तव का कहना है तीनों युवक सिपाहियों से उलझ गए थे। सूचना के बाद मौके पर फोर्स भेजा गया था। तीनों युवकों को पकड़ लिया गया है, उनसे पूछताछ की जा रही है।