सलेमपुर। योगी सरकार में 48 घंटे के अंदर जला हुआ ट्रांसफार्मर बदलने का दावा हवाहवाई साबित हो रहा है। सलेमपुर डिवीजन से जुड़े करीब दो दर्जन ट्रांसफार्मर कई दिनों से जले हुए हैं लेकिन बदला नहीं जा रहा है। इसकी वजह से एक माह से देवरिया वर्कशॉप में तार और तेल नहीं होने के कारण ट्रांसफार्मरों की रिपेयरिंग नहीं हो पा रही है।
प्रदेश में सरकार बदलने के बाद बिजली व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद लोगों को जगी लेकिन सपा सरकार से भी बुरा हाल हो गया है। कुछ दिन पूर्व देवरिया आए बिजली विभाग के एमडी ने भी सरकार की ओर से जारी फरमान को सुनाते हुए मातहतों को निर्देश दे गए लेकिन उस पर कुछ भी अमल होता नहीं दिख रहा है। स्थानीय डिवीजन से जुड़े करीब दो दर्जन से अधिक गांवों का ट्रांसफार्मर जले हैं। इसके लिए प्रत्येक दिन गांववाले अफसरों का चक्कर लगा रहे हैं लेकिन जला हुआ ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा रहा है। देवरिया वर्कशॉप में करीब बीस दिनों से ट्रांसफार्मर में उपयोग होने वाला तेल और तार उपलब्ध नहीं है। इसके कारण ट्रांसफार्मरों की रिपेयरिंग का कार्य ठप पड़ा है। इससे जिले की बिजली व्यवस्था बेपटरी होती जा रही है। इसको लेकर विभागीय अफसर भी सुस्त पड़े हुए हैं और आम लोगों को बिजली नहीं मिलने से जलालत झेलनी पड़ रही है। अगर समय रहते विभागीय अफसर नहीं चेते तो लोगों के गुस्से का शिकार होना पड़ेगा। एक्सईएन राममूरत ने बताया कि जले हुए ट्रांसफार्मरों की सूचना वर्कशॉप एसडीओ को भेज दिया गया है। एक सप्ताह बाद भी स्टोर से ट्रांसफार्मर उपलब्ध नहीं हो पाया है।