मेडिकल कॉलेज में 18 जूनियर रेजिडेंट ने किया ज्वाइन
जिला अस्पताल में जल्द लगेगी ड्यूटी
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा राजकीय मेडिकल कॉलेज में 18 जूनियर रेजिडेंट ने ज्वाइन कर लिया है। इन्हें मेडिकल कॉलेज से संबद्ध बाबू मोहन सिंह जिला चिकित्सालय में जल्द तैनात किया जाएगा। अब अस्पताल में जहां डॉक्टरों की संख्या में इजाफा होगा वहीं, इमरजेंसी में मरीजों को सहूलियत मिलेगी।
मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य पद पर डॉ. एएम वर्मा की तैनाती के बाद इसे शुरू करने की दिशा में कार्य तेजी किए जा रहे हैं। सत्र 2021-22 में मेडिकल की पढ़ाई शुरू करने का शासन ने लक्ष्य रखा है। एक आचार्य, तीन सह आचार्य व तेरह सहायक आचार्य का चयन कर लिया गया है। इसमें से बारह लोग ज्वाइन कर लिए हैं। साथ ही 18 जूनियर रेजिडेंटों ने भी ज्वाइन कर लिया है। इनकी तैनाती जल्द जिला अस्पताल में की जाएगी। संभावना व्यक्त की जा रही है कि इन्हें इमरजेंसी, वार्डों, पोस्ट कोविड ओपीडी व महिला अस्पताल में तैनात किया जाएगा। जबकि वर्तमान में एक चिकित्सक को इलाज की जिम्मेदारी है, जिससे एक साथ कई मरीज के आने पर डॉक्टर को इलाज करने में जहां असुविधा होती है, वहीं, मरीज परेशान होते हैं। बताया जाता है कि जल्द तैनात करने की कवायद शुरू कर दी गई। अस्पताल में एक कमरा जूनियर रेजिडेंट के ड्यूटी रूम के लिए भी चिह्नित कर लिया गया है।
कोट
मेडिकल में 18 जूनियर रेजिडेंट ने ज्वाइन किया है। इनके लिए बन रहे आवास में कुछ कार्य शेष है। वह शीघ्र पूरा हो जाएगा। इसके बाद जल्द ड्यूटी लगाई जाएगी। इसे लेकर तैयारी भी चल रही है। जूनियर रेजिडेंट की तैनाती के बाद मरीजों को सहूलियत होगी।
-डॉ. एएम वर्मा, प्रधानाचार्य
महर्षि देवरहा बाबा राजकीय मेडिकल कॉलेज