सेल्फी लेने हेलीकाप्टर में चढ़ गया सिपाही, पायलट ने पीटा
साइबर सेल में तैनात सिपाही सादे वेश में था ड्यूटी पर
भाटपाररानी के रतसिया कोठी आए थे डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। भाटपाररानी इलाके के रतसिया कोठी में एक कार्यक्रम में शामिल होने आए डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा के हेलीकाप्टर पर एक सिपाही चढ़ गया। सेल्फी लेने के दौरान उसे पायलट ने देख लिया और थप्पड़ जड़ दिया। सिपाही से उसका विवाद भी हुआ। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने इसकी जांच सीओ भाटपाररानी को सौंपी है।
भाटपाररानी इलाके के बब्बन सिंह शिक्षण संस्थान के दीक्षांत समारोह और शिक्षक संघ के अधिवेशन में भाग लेने उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा रविवार को आए थे। संस्थान परिसर में ही हेलीपैड बनाया गया था। साइबर सेल में तैनात सिपाही आलोक सिंह की सादे वेश में किसी प्वाइंट पर ड्यूटी लगी थी। जब सभी लोग कार्यक्रम में व्यस्त थे तो उसी दौरान सिपाही आलोक हेलीकाप्टर पर चढ़कर सेल्फी लेने लगा। कुछ दूर खड़े पायलट की नजर उस पर पड़ गई। पायलट ने उसे थप्पड़ जड़ दिया। सिपाही आलोक की उससे हाथापाई भी हुई। किसी तरह मामला शांत हुआ। इस बाबत एसपी एन. कोलांचि का कहना है कि सिपाही निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर नहीं था। कहासुनी की बात भी सामने आ रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।