देवरिया। शहर के राजकीय इंटर कॉलेज में शनिवार की शाम को पुरातन छात्र सम्मेलन का आयोजन हुआ। छात्र-छात्राओं ने बेहतरीन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच परिवार संग आए पूर्व छात्रों को आनंदित किया। पुरातन छात्रों का जमावड़ा हुआ तो सभी पुराने दिनों की याद में खो गए और उस दौरान की बातें भी की। मौके पर आए पांच दर्जन से अधिक पुरातन छात्रों को सम्मानित किया गया।
सम्मेलन का उद्घाटन यहां के पुरातन छात्र रहे व वर्तमान में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इसके बाद शुरू हुआ एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का दौर। गागरिया नृत्य अंजली व अलखनंदा, गरबा अपूर्वा, अलखनंदा व प्रियांशी ने प्रस्तुत किया। मानसी, सुकन्या, सुहानी, रोशन, पूजा व मानसी, गुलशन व उनकी टीम, अंजली, प्रिया, प्रियांशी, मनीष की प्रस्तुतियों की भी खूब सराहना हुई। मौके पर कृषि मंत्री ने कॉलेज के विकास में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। प्रधानाचार्य पीके शर्मा ने जीआईसी के विकास यात्रा को सभी के सम्मुख रखा और वर्तमान समय के अनुसार यहां होने वाले बदलाव के लिए सहयोग करने की अपील की। सम्मेलन को डीआईओएस शिवचंद राम, डायट प्राचार्य राजेंद्र प्रसाद यादव, जीआईसी के उपप्रधानाचार्य महेंद्र प्रसाद, महाश्रय शर्मा आदि ने संबोधित किया। सम्मानित होने वाले पुरातन छात्रों में विजय प्रसाद गोयल, विपिन बिहारी शुक्ल, भाजपा के जिलाध्यक्ष अंतर्यामी सिंह, संजय कानोडिया, परशुराम शर्मा, विद्यापति पांडेय, ओमप्रकाश पांडेय, बृजेश सिंह, कौशल मिश्र, प्रसिद्घनाथ तिवारी, विष्णु गोयल, ओमप्रकाश श्रीवास्तव, योगेंद्रनाथ शुक्ल, सत्यप्रकाश जायसवाल, अमर सिंह आदि शामिल रहे।