बाढ़ खंड में परिचालक की नौकरी देने का झांसा देकर एक कर्मचारी ने पांच लाख रुपये ऐंठ लिए। नौकरी न मिलने पर महिला पुलिस के पास पहुंची। इसके बाद जालसाज ने एक लाख रुपये वापस कर दिए। बाकी चार लाख रुपये नहीं दिए। अब महिला ने एसपी से गुहार लगाई है। बघौचटघाट थाने के मलवाबर गांव की पुष्पा देवी पत्नी जगदीश कुशवाहा एक साल पहले बरहज निवासी बाढ़ खंड कुशीनगर में तैनात एक कर्मचारी के संपर्क में आई। कर्मचारी ने महिला को झांसे में लेकर बाढ़ खंड में परिचालक के पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर पांच लाख रुपये ले लिए। छह माह बीतने के बाद महिला ने कर्मचारी पर दबाव बनाया तो एक नियुक्ति पत्र दिखाया और साहब के हस्ताक्षर नहीं होने की बात कही। एक माह बाद महिला ने इसकी शिकायत बघौचघाट पुलिस से की तो पुलिस ने कर्मचारी को हिरासत में लिया। पुलिस के सामने हुई पंचायत में कर्मचारी ने एक लाख रुपये वापस किया और बाकी चार लाख वापस करने के लिए एक माह का समय मांगा, लेकिन अभी तक रकम वापस नहीं की है। सोमवार को पुष्पा देवी एसपी से मिलकर रकम वापस कराने की मांग की है। एसपी ने बघौचघाट पुलिस को कार्रवाई का निर्देश दिया है।