एकौना/रुद्रपुर। जमीन पर कब्जे के मामले में कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्मदाह की कोशिश करती देवरिया की दो युवतियों को पकड़ लिया गया। एलआईयू को इसकी सूचना मिलने पर दोनों को समझा-बुझा कर और मुख्यमंत्री के निजी सचिव से उनकी बात करा कर मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए वापस घर भेज दिया गया।
वहीं, युवतियों की मां को एकौना पुलिस ने चौरीचौरा से पकड़ा। मां और बेटी पट्टीदार पर उनकी पुश्तैनी जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगा रही हैं। मामले की जांच को सोमवार की शाम एसडीएम बरहज और सीओ पचलड़ी पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्ष को न्यायालय के आदेश का पालन करने का निर्देश दिया। पचलड़ी की रहने वाली रजावती देवी ने सीएम को ज्ञापन देकर बताया कि उसके पट्टीदार उसकी जमीन पर जबरन कब्जा कर रहे हैं। जबकि न्यायालय ने जमीन पर स्थगन का आदेश दिया है। कब्जा नहीं रोके जाने पर उसने आत्मदाह की धमकी दी। वह चौरीचौरा रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी कि एकौना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसकी दोनों बेटियां चंद्रकला और जयमाला लखनऊ सीएम आवास पहुंच गई थी।
दोनों आत्मदाह करने जा रही थी कि पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मामले की जानकारी होने पर डीएम ने उपजिलाधिकारी को जांच कर कार्रवाई करने को कहा। एसडीएम बरहज अरुण सिंह और सीओ ब्रजेंद्र राय पचलड़ी पहुंचे। दोनों पक्ष से एसडीएम ने बात की। कागजों की जांच के दौरान विवादित जमीन पर न्यायालय के स्थगन आदेश मिला। एसडीएम ने कहा कि दोनों पक्ष को न्यायालय के आदेश का अनुपालन करने का निर्देश दिया गया है। विवाद करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।