देवरिया। साहब सलेमपुर कोतवाली पुलिस बेटे की कातिलों को ढूंढने में नाकाम है। चार माह बाद भी पुलिस हत्या का पर्दाफाश नहीं कर सकी। पुलिस की सुस्ती की वजह से मामला और उलझता जा रहा है। एसपी को शिकायती पत्र देकर कांती देवी ने न्याय की गुहार लगाई। बनकटा थाना के ससना गांव की विधवा कांती देवी 22 मई को भाई धर्मेन्द्र के ससुराल रजडिहा शादी में शामिल होने मासूम बेटे प्रशांत के साथ गई थी। रात को उसके बेटे की हत्या हो गई और लाश गांव के बाहर खेत में मिला। घटना के बाद कांती भसुर पर हत्या कराने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की, लेकिन पुलिस पीड़ित के आरोप को खारिज करते हुए अज्ञात पर केस दर्ज किया। क्राइम ब्रांच और कोतवाली पुलिस दर्जनों बार गांव में गई और कई लोगों से अलग-अलग पूछताछ की। फिर भी नतीजा कुछ नहीं निकला। मंगलवार को कांती देवी एसपी से मिलकर सलेमपुर कोतवाल की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करते हुए न्याय की मांग की है। पीड़ित का आरोप है कि कोतवाली पुलिस इस घटना में शुरू से लापरवाही बरत रही है। इसकी वजह से मासूम के कातिल पकड़ से दूर है।