सलेमपुर (देवरिया)। मझौलीराज के करजवानी टोला में तीन साल से लोगों को बिजली नहीं मिल पा रही है, जबकि विभाग लोगों से बिल वसूल कर रहा है। इसको लेकर वार्ड के लोगों ने विभाग से कई बार शिकायत की। आपूर्ति बहाल नहीं होने से नाराज लोगों ने मंगलवार को एसडीओ दफ्तर के पास प्रदर्शन किया।
मझौलीराज नगर पंचायत के करजवानी टोला वार्ड में तीन साल से लोग बिजली का कनेक्शन लिए हैं। घरों तक तार व खंभे भी पहुंच गए हैं। विभाग ने मीटर भी लगा दिया है। वार्ड के लोगों के मुताबिक ट्रांसफार्मर नहीं है। इसके चलते बिजली की आपूर्ति नहीं हो रही है। इसकी शिकायत कई बार विभाग से की गई। फिर भी आपूर्ति बहाल नहीं हुई। इससे नाराज लोगों ने एसडीओ के दफ्तर पर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में जगदीश यादव, मुन्ना प्रसाद, विंध्याचल तुरहा, वंशराज यादव, संदीप कुमार, हरिहर यादव, अभिषेक कुमार, प्रेमचंद्र, मनीष यादव, शिवमंगल, अमरनाथ, पवन कुमार, शेर बहादुर शाह, विनय यादव, सतीश यादव आदि मौजूद रहे। वहीं बसपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष राजेश रावत ने पांच सूत्रीय मांगों को लेकर अधिशासी अभियंता को पत्रक दिया। इसमें पिपरा नाजिर, भरौली और हरैया वार्ड को टाउन फीडर से जोड़ने, जर्जर तारों को बदलने तथा तार व ट्रांसफार्मर फाल्ट होने पर दो घंटे में बदलने की मांग की है। इस दौरान रत्नेश गोंड़, अलगू चौहान, विनय कुमार, संजय मद्देशिया, प्रदीप कुमार रौनियार, भरत कुमार शर्मा, मनोज वर्मा आदि मौजूद रहे।
इनसेट
टाउनफीडर से जोड़ने की मांग
सलेमपुर। नगर पंचायत के वार्ड नंबर 4 की सभासद मीरा विश्वकर्मा ने मुख्यमंत्री, मुख्य अभियंता व अधिशासी अभियंता को अलग-अलग पत्र भेज कर हरैया पूर्वी, इचौना पश्विमी, भरौली आदि वार्डों को टाउन फीडर से जोड़ने की मांग की है।