देवरिया। हादसे में युवक की मौत के बाद रक्षाबंधन त्योहार के उल्लास में डूबे मद्घेशिया परिवार के लोगों में मातम छा गया। इसकी खबर मिलते ही जिला अस्पताल पर रिश्तेदारों और शुभचिंतकों की भीड़ जुट गई। वहीं घर की महिलाओं में कोहराम मच गया। अस्पताल पर पहुंचा बड़ा भाई शव को देेख दहाड़ें मारकर रोने लगा। यह देख मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
कुशीनगर के अमवा निवासी ललित मद्घेशिया जोकहां बाजार में दुकान चलाते थे। ललित दो भाइयों में छोटे थे। कुछ साल पहले शादी हुई थी और एक बेटा भी है। सुबह करीब 10 बजे रामपुर कारखाना निवासी बहन रागिनी के घर बाइक से पहुंचे। राखी बंधवाने के बाद भोजन करके अन्य बहनों के घर जाने की बात कह निकल गए, लेकिन उसे क्या पता था कि रास्ते में मौत इंतजार कर रही है। मुंडेराबाबू चौराहे पर तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। करीब आधे घंटे तक खून से लथपथ ललित की लाश सड़क पर पड़ी रही। बाद में पुलिस जिला अस्पताल लेकर आई। जिला अस्पताल पहुंचे बड़े भाई अजय छोटे भाई की लाश देखकर बदहवास हो गया। वहीं रिश्तेदारों और घरवालों में चीख पुकार मच गई। हादसे का शिकार ललित हेलमेट नहीं पहने हुए थे। चोट उसने सिर पर लगी थी। लोगों की मानें तो ट्रक चालक की लापरवाही से यह हादसा हुआ है।