देवरिया। सोमवार को सुबह बिजली का तार टूटने से हड़कंप मच गया। गनीमत रहीं कोई चपेट में नहीं आया। कई मोहल्लों में छह घंटा तक बिजली गुल रही। कटौती से लोग परेशान हो गए। दोपहर सवा एक बजे सप्लाई बहाल हो सकी।
शहर के गोरखपुर रोड स्थित कैलाशपुरी मोड़ के पास 11 हजार वोल्टेज का जंफर टूट गया। इस कारण भुजौली फीडर की आपूर्ति 7.20 बजे से ठप हो गई। गोरखपुर रोड, अहमद नगर, अली नगर, सीसी रोड आदि मोहल्ले के लोग परेशान हो गए। बारिश होने से बिजली कर्मचारी काम नहीं कर सके। इससे टंकियों का पानी खत्म हो गया। सुबह ही पानी की भी समस्या बन गई। हैंडपंप के पानी से कामकाज निपटाया। कुछ देर के बाद इंवर्टर जवाब दे दिए। शुगर मिल चौराहे के पास बिजली का तार टूट गया। आस-पास के लोगों ने सब स्टेशन में जानकारी दी। फॉल्ट दुरुस्त करने में बारिश बांधा बन गई। कर्मचारियों की टीम 11 बजे मौके पर पहुंची। मशक्कत के बाद एक बजे फॉल्ट दुरुस्त हो सका। बिजली की आपूर्ति बहाल के बाद महिलाएं कामकाज में जुट गईं। एक साथ पानी का मोटर चलने से वोल्टेज प्रभावित हो गया। घंटों इंतजार के बाद टंकियों में पानी भर सका।