देवरिया। जनप्रतिनिधियों के बेजा दबाव से आजिज कोटेदारों ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यही हालात रहे तो वे जुलाई से राशन का उठान नहीं करेंगे। फेयर शॉप डीलर एसोसिएशन के बैनर तले कोटेदार कलेक्ट्रेट पर एकत्र हुए। कोटे की दुकानों को संचालित करने में हो रही दिक्कतों पर चर्चा की गई। एडीएम वित्त एवं राजस्व को ज्ञापन देकर समस्याओं के समाधान की मांग की गई। कोटेदारों ने आरोप लगाया कि सांसद, विधायक, प्रधान आदि के दबाव में बिना कार्डधारकों की शिकायत के दुकानें निलंबित की जा रही है। जबकि उच्च न्यायालय एवं शासन का स्पष्ट आदेश के है कि 33 प्रतिशत कार्डधारकों के हस्ताक्षर प्रमाणित होने के बाद ही दुकानों के निलंबन ओर निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्रामसभा में बहुत बड़ी संख्या में पात्र खाद्य सुरक्षा योजना से वंचित हैं। जबकि अपात्र लोग कार्ड बनवाने में सफल हो गए हैं। कोटेदारों ने कहा कि शासन के दिशा-निर्देश के अनुसार राशन विक्रेताओं के दुकान तक होम डिलिवरी कराई जाए। क्योंकि वर्तमान में मिलने वाला भाड़ा सिर्फ पल्लेदारी देने में काम आता है। इस दौरान रमापति शुक्ला, अभयनंदन बरनवाल, रमाशंकर यादव, कृष्णा पांडेय, बांके बिहारी पांडेय आदि मौजूद रहे।