नगर पालिका की चौहद्दी पर 17 आपत्तियां आईं
पूरा हो गया रैपिड सर्वे, लोग खड़ा कर रहे कार्यशैली पर सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। नगर पालिका परिषद के सीमा विस्तार के बाद वार्डों की चौहद्दी का कार्य पूूूरा नहीं हो पाया है लेकिन रैपिड सर्वे और मतदाता सूची तैयार हो गई है। इसको लेकर 17 आपत्तियां आई हैं। शिकायतकर्ताओं ने कहा कि जब चौहद्दी नगर पालिका की स्पष्ट नहीं है तो कैसे वार्डों का गठन हो गया है। मतदाता सूची और जातिवार गणना का काम पूरा हो गया है।
नगर पालिका सीमा विस्तार में शामिल 23 गांवों और पुराने वार्डों को मिलाकर 33 वार्डों का गठन किया गया है। यहां तक कि रैपिड सर्वे का काम भी पूरा होने की बात कही गई, लेकिन सच तो यह है कि नगर पालिका सीमा की चौहद्दी अभी स्पष्ट नहीं है। इसको लेकर शिकायतकर्ताओं ने सवाल खड़े करने शुरू कर दिए हैं। दूसरी तरफ निर्वाचन प्रक्रिया पूरी करने में जुटे अफसर शासन के निर्देश मिलते ही चार नवंबर तक आरक्षण की प्रक्रिया पूरी करने में जुटे हुए हैं।
चौहद्दी का निर्धारण करने के लिए 17 लोगों ने आपत्तियां दाखिल की हैं। अधिकतर लोगों का आरोप है कि बिना चौहद्दी निर्धारण के कैसे आबादी की वर्गीकृत सूची बनाई जा रही है। अभी वास्तविक सीमा स्पष्ट नहीं है तो मतदाता की संख्या और जातिवार गणना कैसे की जा रही है। भाजपा नेता राजेंद्र मल्ल ने बताया कि जातिवार गणना और मतदाता सूची तभी सही मानी जाएगी, जब नगर क्षेत्र का निर्धारण हो जाए। अभी तो जो निर्धारण किया गया है, उस पर लोग आपत्तियां दर्ज करा रहे हैं।
मालवीय रोड निवासी अभिषेक ने भी चौहद्दी निर्धारण को लेकर आपत्तियां दर्ज कराईं। उन्होंने बताया कि आपत्तियों का निराकरण करने के बाद ही आगे की कार्रवाई होनी चाहिए। इसको लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है।
कोट
चौहद्दी निर्धारण किया गया है। आपत्तियों का निराकरण जल्द हो जाएगा। इसके बाद प्रकाशन किया जाएगा। रैपिड सर्वे का कार्य पूरी ईमानदारी के साथ किया जा रहा है। सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है।
-रोहित सिंह, ईओ