तमकुहीरोड। सेवरही किसान पीजी काॅलेज परिसर में शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का आयोजन हुआ। इसमें 167 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे, जबकि 28 जोड़ों का निकाह हुआ। इन सभी नवविवाहितों को गृहस्थी का सामान देकर विदा किया गया।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में सेवरही, दुदही, फाजिलनगर और तमकुहीराज ब्लॉक के 167 हिंदू व 28 मुस्लिम कन्याओं का विवाह हुआ। इस दौरान वन विभाग की तरफ से सभी वर-वधू को एक-एक पौध देकर उसे लगाने व उसके संरक्षण करने की सलाह दी गई। तमकुहीराज विधायक डाॅ. असीम कुमार ने कहा कि सरकार की तरफ से बिना किसी भेदभाव के चलाई जा रही यह योजना समाज के कमजोर व गरीब वर्ग के लोगों के लिए वरदान के समान है। इससे समाज के हर वर्ग को लाभ मिल रहा है। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों के उज्जवल वैवाहिक जीवन की कामना की। नवविवाहित जोड़ों को जिला समाज कल्याण अधिकारी रामाशंकर यादव, सेवरही ब्लाॅक प्रमुख प्रतिनिधि धनंजय तिवारी, चेयरमैन सोनिया जायसवाल, बीडीओ विद्यासागर गुप्ता, केके राय, धीरज त्रिपाठी, पूर्व चेयरमैन त्रिभुवन जायसवाल, जेके सिंह आदि ने सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। इस दौरान वन क्षेत्राधिकारी हरकेश बहादुर नायक, रमेशचंद्र सिंह, अभिषेक शुक्ल, रमेश ब्याहुत, हिमांशु जायसवाल, संजय राय, अनिल राय आदि मौजूद रहे।