23 कंपनी अर्ध सैनिक बल और चार कंपनी पीएसी कराएगी चुनाव
चार हजार पुलिसकर्मी और पांच हजार होमगार्ड भी आएंगे चुनाव ड्यूटी में
19 मई को अंतिम चरण में होना है जिले में लोकसभा का चुनाव
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुख्ता इंतजामात किए जा रहे हैं। पर्याप्त संख्या में अर्ध सैनिक बल, पीएसी, पुलिसकर्मी और होमगार्ड जिले में चुनाव कराने आएंगे। छठे चरण के चुनाव के बाद फोर्स जिले में आएगी। इनके साथ जिले की फोर्स भी रहेगी।
जिले के सात विधानसभा क्षेत्र तीन लोकसभा क्षेत्रों में पड़ते हैं। यहां लोकसभा का चुनाव अंतिम चरण में 19 मई को होना है। पुलिस विभाग की ओर से इसकी तैयारियां चल रही हैं। जिले में चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए 23 कंपनी अर्धसैनिक बल, चार कंपनी पीएसी, चार हजार पुलिसकर्मी (इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल) और पांच हजार होमगार्ड की मांग की गई है। इसके अलावा जिले के लगभग 1700 से अधिक पुलिसकर्मी भी ड्यूटी में लगाए जाएंगे। फोर्स के रहने, खाने-पीने के लिए हर विधानसभा क्षेत्र में कुल 58 स्कूलों में व्यवस्था की गई है। पिछले दिनों चिह्नित स्कूलों में सारी व्यवस्था करा दी गई। ताकि फोर्स को कोई दिक्कत न हो। इस बाबत एएसपी शिष्यपाल ने बताया कि जिले में चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए फोर्स की मांग की गई है। छठे चरण के चुनाव के बाद जिले में फोर्स आएगी। उनके लिए पहले से ही पूरे इंतजामात किए गए हैं।
अभी है फोर्स की कमी
देवरिया। अन्य जिलों में चुनाव ड्यूटी में चले जाने की वजह से जिले में फोर्स की कमी हो गई है। करीब आठ सौ से अधिक पुलिसकर्मियों के चुनाव ड्यूटी चले जाने से काफी दिक्कत हो रही है। हालत यह हो रही है कि कार्यालय ड्यूटी में तैनात लोगों को थाना प्रभारियों का हमराह बनना पड़ रहा है।