11 माह का मानदेय हड़पने की कोशिश में ठेकेदार
ठेकेदार के प्रभाव में बिजली निगम के अफसर, नहीं ले रहे सुधि
छह दिन से एक्सईएन कार्यालय कैंपस में चल रहा आंदोलन
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। विद्युत संविदा मजदूर संगठन का एक्सईएन कार्यालय कैंपस में चल रहा आंदोलन छठवें दिन जारी रहा। आंदोलनकारियों ने ठेकेदार पर केस दर्ज करने की मांग करते हुए बिजली निगम कर्मचारियों के खिलाफ नारेबाजी की। अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव करने की मैकेनिकों ने चेतावनी दी।
जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह ने कहा कि मैकेनिकों का 11 माह का लाखों रुपये मानदेय ठेकेदार हड़पने की कोशिश में है। विभागीय मिलीभगत से ठेकेदार ऐसा कर रहा है। छह दिन से धरना चल रहा है। लेकिन अभी तक निगम के जिम्मेदारों ने गंभीरता से नहीं लिया। इसकी वजह ठेकेदार का अधिकारियों पर प्रभाव दर्शाता है। 18 को मुख्यमंत्री को संबोधित मांग पत्र दिया जाएगा। इसके बावजूद अगर बकाया मानदेय बैंक अकाउंट में नहीं पहुंचा तो अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव करने के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान अरुण कुमार वर्मा, संतोष मिश्रा, प्रमोद गुप्ता, हरेंद्र राय, राजकुमार, धनंजय पांडेय, प्रमोद मिश्रा, महेंद्र यादव, सतीश मणि, अनिल, रामसरीखा, अभिमन्यु, रामहरक आदि मौजूद रहे।