बघौचघाट। थानाक्षेत्र के डोमनपुरा गांव के पास बाइक की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौत हो गई। काफी मशक्कत के बाद उसकी पहचान हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बघौचघाट थानाक्षेत्र के लोहरौली गांव निवासी नरेश यादव 50 शनिवार को किसी काम से साइकिल से डोमनपुरा जा रहे थे। अभी वह लोहरौली और डोमनपुरा के बीच स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास पहुंचे थे कि अज्ञात बाइक सवार ने टक्कर मार दिया। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से जख्मी नरेश को आसपास के लोगों ने न्यू पीएचसी रामपुर अवस्थी पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने सीएचसी पथरदेवा रेफर कर दिया। पथरदेवा में उपचार के कुछ देर बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची तरकुलवा पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। उधर, परिवार के लोग उनको खोजते हुए पहुंचे। तरकुलवा थाना प्रभारी विनय सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से नरेश की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतक को पहचानने में लगा छह घंटे
बघौचघाट। मृतक नरेश के परिवारवाले सुबह 10 बजे से ही नरेश को ढूंढ रहे थे। उनकी पत्नी लालमती को किसी ने दुर्घटना होने की जानकारी दी थी। इससे उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। दूसरी तरफ पुलिस यह पता लगाने में लगी थी कि मृतक कौन है। तभी पथरदेवा सीएचसी पर लालमती पहुंची और चिल्लाने लगी। पूछने पर मृतक की शिनाख्त अपने पति के रूप में की। लालमती ने यह भी बताया कि पोखरभिंडा सुराजी टोला के किसी व्यक्ति की गाड़ी से उनके पति का एक्सीडेंट हुआ है।