28 तक स्कूलों में मनेगा बाल दिवस पखवाड़ा
शासन ने जारी किया निर्देश, होंगे विविध कार्यक्रम
बाल अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर होगा जोर
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू की जयंती पर 14 नवंबर से स्कूलों में बाल दिवस पखवाड़ा आरंभ होगा। 28 नवंबर को विश्व बाल दिवस तक चलने वाले इस पखवाड़े के अंतर्गत बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता व कौशल विकास से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों में बच्चों को शामिल करते हुए कार्यक्रमों को उनकी रुचि से भी जोड़ा जाएगा।
14 नवंबर प्रति वर्ष बाल दिवस के रुप में मनाया जाता रहा है। इस दिन स्कूल-कॉलेजों में खेलकूद प्रतियोगिताएं व अन्य कार्यक्रम आयोजित कर औपचारिकता पूरी कर ली जाती थी। इस वर्ष इसे विस्तार देते हुए शासन ने 15 दिनों के कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की है। सर्व शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना निदेशक ने सभी बीएसए को पत्र जारी कर इस बाबत निर्देश दिए हैं। बच्चों के लिए सुरक्षित विद्यालयी वातावरण बनाने के लिए शिक्षक, विद्यालय प्रबंध समिति व अभिभावकों को बैठक कर चर्चा करने को कहा गया है। इसमें बाल अधिकारों के बाबत जागरूकता पर विशेष जोर है। इन अधिकारों की सुरक्षा के लिए स्कूल, परिवार और समाज को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराने को कहा गया है। इसके अंतर्गत बाल विवाह, बाल श्रम, बच्चों की सुरक्षा व कानूनी प्रावधान, बच्चों की भागीदारी, स्वच्छता जैसे विषयों पर स्कूलों में चित्रकला, नाटक, कविता, पोस्टर मेकिंग, फोटोग्राफी, वादविवाद जैसे कार्यक्रम होंगे। रैली व नुक्कड़ नाटकों का भी आयोजन किया जाएगा। स्थानीय स्तर पर इन कार्यक्रमों में बाल कल्याण समिति, आशा ज्योति केंद्र, पुलिस, स्वैच्छिक संस्थाओं से भी सहयोग लेने का निर्देश दिया गया है। अभियान के तहत ड्राप आउट बच्चों को स्कूलों से जोड़ने पर भी विशेष जोर रहेगा। यह सभी कार्यक्रम 28 नवंबर तक प्रत्येक स्कूल-कॉलेज में आयोजित किए जाएंगे। बीएसए माधवजी तिवारी ने बताया कि निर्देशों से सभी बीईओ को अवगत कराते हुए अपने मार्गदर्शन में क्रियान्वयन कराने को कहा गया है।