फोटो समाचार
.........................
दूध लेकर बिहार जा रहा वाहन पलटा, चालक की मौत
प्वाइंटर
- गाजीपुर से जा रहा था गोपालगंज, गंभीर रूप से घायल खलासी भर्ती
- फतेहबाग के समीप रामजानकी मार्ग के समाप हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
लार। गाजीपुर से दूध लेकर बिहार के गोपालगंज जा रहा वाहन शुक्रवार की भोर में फतेहबाग के समीप रामजानकी मार्ग के समीप गड्ढे में पलट गया। चालक की पानी में दम घुटने से मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देवरिया भेज दिया। गंभीर रूप से घायल खलासी का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार पर चल रहा है।
गाजीपुर जिले के रेवती थाना क्षेत्र के साधोपुर गांव निवासी पंकज यादव (35) एक डेयरी कंपनी का दुग्ध वाहन चलाता था। इसी कंपनी में गाजीपुर के ही थाना बरेसर के अलावलपुर गांव निवासी सद्दाम (30) खलासी का काम करता है। रोज की तरह दोनों गुरुवार की रात करीब 12 बजे गाजीपुर से दूध भरी पिकअप लेकर बिहार के जिला गोपालगंज के लिए निकले थे। रात करीब तीन बजे लार थाना क्षेत्र के फतेहबाग के सामने चालक को झपकी आ गई। इससे तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पानी से भरे गड्ढे में पलट गई।
चालक और खलासी दोनों गाड़ी में फंस गए। किसी तरह खलासी सद्दाम बाहर निकला और शोर मचाने लगा। तब तक चालक पंकज यादव की पानी में दम घुटने से मौत हो चुकी थी। वहीं घायल सद्दाम को लोगों ने एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार पहुंचाया। चालक का शव गाड़ी में फंसने की सूचना लोगों ने पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे एसओ विजय नारायण प्रसाद, चौकी इंचार्ज मेहरौना संजय भारती ने पानी में घुसकर काफी मशक्कत के बाद शव बाहर निकाला। पुलिस ने घटना की जानकारी पंकज यादव के घर वालों को दी। सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। इस बाबत एसओ लार विजय नारायण प्रसाद ने बताया कि घायल खलासी सद्दाम का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चल रहा है।
---------
छत से गिर कर शिक्षक की मौत
सलेमपुर। छत से गिरकर गुरुवार को जीएम एकेडमी के शिक्षक की मौत हो गई। कोतवाली थाना क्षेत्र के परसियां तारा गांव निवासी शिवानंद मिश्रा का 40 वर्षीय बेटा राकेश मिश्र नगर के जीएम एकेडमी में शिक्षक हैं। गुरुवार की रात वह छत पर सोए थे। रात में उनका पैर फिसल गया वह नीचे गिर गए। परिजन उन्हें जिला चिकित्सालय में इलाज के लिए भर्ती कराया था। वहां उनकी मौत हो गई। देर शाम को परिजनों ने उनका अंतिम संस्कार कर दिया। शिक्षक का एक बेटा व एक बेटी है। घटना से जीएम एकेडमी बंद रही।
स्कार्पियो ऑटो की टक्कर में चालक घायल
लार रोड। मईल थाना क्षेत्र के ईशारू गाँव के सामने एक स्कार्पियो और ऑटो की टक्कर में ऑटो चालक घायल हो गया। आस पास के लोगों चालक एक नीजी चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां उसका उपचार चल रहा है।
कुंडौली के तरफ से लहसुन लेकर एक ऑटो शुक्रवार को भागलपुर के तरफ से आ रही थी। तभी भागलपुर के तरफ से आ रही एक स्कार्पियो से इशारू गांव के सामने सामने टक्कर हो गई।जिसमें ऑटो चालक घायल हो गया। आस पास के लोगों ने घायल ऑटो चालक को निजी चिकित्सक के यहां ले गए जहां उसका इलाज चल रहा है। स्कार्पियो चालक मौके से फरार हो गया ।स्कार्पियो में बैठे अन्य लोगो को ग्रामीणों ने अन्य साधन से गन्तव्य तक भेजा। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों गाड़ियों को कब्जे में ले लिया ।