देवरिया। शहर के कसया ओवरब्रिज पर मंगलवार की रात को अज्ञात चार पहिया वाहन की चपेट में आने से सेल्समैन की मौत हो गई। वह रामपुर कारखाना के डुमरी चौराहे पर बीयर की दुकान बंद कर रात को घर लौट रहा था। सूचना के बाद पहुंचे परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना के बाद पहुंची कोतवाली पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की।
रुद्रपुर कोतवाली इलाके के कोइलगड़हा गांव निवासी गिरजेश शर्मा 25 पुत्र पुरुषोत्तम शर्मा रामपुर कारखाना के डुमरी में बीयर की दुकान पर सेल्समैन है। वह प्रतिदिन दुकान बंद करने के बाद बाइक से घर चला जाता था। मंगलवार की देर रात वह दुकान बंद कर घर जाने के लिए निकला कसया ओवरब्रिज पर पहुंचा था कि अज्ञात चार पहिया वाहन की चपेट में आ गया। गिरजेश हेलमेट नहीं लगाया था। गंभीर रूप से घायल होकर वह तड़पने लगा। राहगीरों ने देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पत्नी शोभा, बेटा अंश और बहनें बंदना, गीता पहुंची। सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। सदर कोतवाल प्रभातेष श्रीवास्तव का कहना है कि अज्ञात वाहन की ठोकर से घायल युवक की मौत हुई है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।