देवरिया। शिक्षा निदेशालय की ओर से अनिवार्य सेवानिवृत्ति के लिए भेजी गई शिक्षा अधिकारियों की सूची में जिले के दो अधिकारियों का नाम शामिल हैं। इस सूची में दो पूर्व शिक्षाधिकारी भी शामिल किए गए हैं। सूची में क्लास टू के कुल 175 अधिकारियों का नाम है। पिछले दिनों अनिवार्य सेवानिवृत्ति के लिए 50 साल से अधिक उम्र के 175 क्लास टू के अफसरों की सूची शिक्षा निदेशालय की ओर से शासन को भेजी गई है। इस सूची में शामिल कई अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई चल रही है। शासन के पास भेजी गई सूची में राजकीय इंटर कॉलेज देवरिया के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार शर्मा और सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक रामहजूर प्रसाद का भी नाम है। प्रदीप शर्मा काफी दिनों से देवरिया में हैं। पूर्व में वह यहां के बीएसए भी रह चुके हैं। इसके साथ ही यहां के पूर्व बेसिक शिक्षा अधिकारी रामकरन यादव और पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह का भी नाम अनिवार्य सेवानिवृत्ति वाली सूची में है। यदि शासन से मंजूरी मिल गई तो यहां के दो अधिकारी कम हो जाएंगे।