देवरिया। मॉडर्न सिटी मांटेसरी इंटरमीडिएट कॉलेज की 9वीं की छात्रा नीतू चौहान की मौत की जांच में पुलिस उलझ गई है। तीसरे दिन पुलिस ने उसकी कक्षा में पढ़ने वाली छात्राओं और छात्रों से पूछताछ कर कुछ जानकारियां हासिल की।
चकियवां मोहल्ले के रहने वाले परमहंस की बेटी नीतू चौहान सोमवार को स्कूल के तीसरी मंजिल से रहस्यमय हालत में गिर गई थी। जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया था। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मंगलवार को एसडीएम सदर राकेश सिंह, डीआईओएस शिव चंद्र राम और बीएसए उपेंद्र कुमार ने स्कूल पहुंचकर आवश्यक जानकारी ली थी। एसपी राजीव मल्होत्रा ने एएसपी सुरेंद्र बहादुर को पूरे प्रकरण की जांच का आदेश दिया है। वहीं, घटना के तीसरे दिन बुधवार को सदर कोतवाल नीतीश कुमार श्रीवास्तव मामले की जांच में जुटे रहे। उन्होंने नीतू के क्लास में पढ़ने वाली छात्राओं और छात्रों से पूछताछ कर जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मामले की तह तक जाने की कोशिश की जा रही है। इस हत्या के खुलासा के लिए लगातार कोशिश की जा रही है।