गौरीबाजार। बैतालपुर कस्बे के पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग के पास से चोरी के सामानों के साथ दो लोगों को धर दबोचा। उनके अन्य साथी पुलिस को चकमा देकर भाग निकले। पुलिस ने पकड़े गए दोनों चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया। उनके पास से दो तमंचा, दो बिजली के मोटर, एक कंप्यूटर, छह नए, पांच पुराने मोबाइल और एक बाइक बरामद हुआ। इलाके में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए गौरीबाजार के थानेदार ने पुलिस टीम गठित कर चोरी की घटनाओं के पर्दाफाश में लगाया था। इसी बीच सूचना मिली कुछ लोग बैतालपुर कस्बे में चोरी का सामान बेचने जा रहे हैं। बैतालपुर चौकी प्रभारी कृष्णानंद कुशवाहा, कांस्टेबल संदीप गहलोत, अजीत यादव, महिला कांस्टेबल सोनम लता, सोनी जायसवाल के साथ मौके पर पहुंचकर नाकाबंदी की। पुलिस ने दो लोगों को धर दबोचा, जबकि उनके अन्य साथी भागने में सफल रहे। पकड़े गए दोनों लोगों को पुलिस थाने ले आई। दोनों ने अपना नाम विवेक यादव निवासी ग्राम धतूरा खास और सुदर्शन निवासी ग्राम तेनुही थाना गौरी बाजार बताया। चोरों ने बताया कि वह ग्रुप बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं। उन्होंने चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया है। थानेदार जेपी यादव ने बताया कि शीघ्र ही गिरोह के अन्य सदस्यों की भी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।