माध्यमिक स्कूलों में लगेंगे 93,949 पौधे
डीआईओएस ने स्कूल खुलने पर दिया पौधरोपण का आदेश
छात्र-छात्राओं के सहयोग से लगाए जाएंगे विभिन्न किस्म के पौधे
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। पर्यावरण संरक्षण अभियान के अंतर्गत जिले के माध्यमिक स्कूलों में जुलाई के पहले सप्ताह से 93,946 पौधे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही स्कूलों में जागरूकता रैली निकालकर लोगों को इसके प्रति जागरूक बनाया जाएगा। उधर, बेसिक शिक्षा विभाग में इतने ही पौधे लगाने का लक्ष्य इस वर्ष दिया गया है।
जिले के चार राजकीय इंटर कॉलेज, 14 नवीन राजकीय हाईस्कूल, अशासकीय सहायता प्राप्त हाईस्कूल व इंटर के 122, वित्तविहीन मान्यता प्राप्त हाईस्कूल 197, वित्तविहीन मान्यता प्राप्त इंटर 187 कॉलेजों में माहौल हरा-भरा रहे, छात्रों को छांव मिले और पर्यावरण की सुरक्षा हो, इसके लिए इस बार जिले के माध्यमिक स्कूलों को पौधरोपण करने का लक्ष्य मिला है। बुधवार को डीआईओएस शिवचंद राम ने बताया कि जिला पौधारोपण समिति की ओर से इस बार 93 हजार से अधिक पौधों का लगाने का लक्ष्य मिला है। जिले के कुल 524 माध्यमिक विद्यालयों में निर्धारित संख्या में पौधे लगाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। पौधों की देखरेख के लिए चार छात्रों की एक समिति बनेगी। जुलाई माह में विद्यालयों में जागरूकता रैली निकालकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण व पौधारोपण के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके अलावा विद्यालय के शिक्षक बच्चों को पर्यावरण का महत्व एवं मानव जीवन में पेड़ों की भूमिका की जानकारी देंगे। 15 अगस्त को सबसे ज्यादा 47 हजार पौधे जिले के माध्यमिक स्कूलों में लगाए जाएंगे। बीएसए ओमप्रकाश यादव ने बताया जुलाई माह में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में भी 93,946 पौधे लगाए जाएंगे।