मुम्बई में अपने आवास पर पुलवामा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को सम्मानित किया।
- फोटो : अमर उजाला
भटनी (देवरिया)। पुलवामा हमले में शहीद विजय कुमार मौर्य के पिता रामायण मौर्य का मुंबई में अमिताभ बच्चन ने सम्मान किया। मुंबई में अपने आवास पर 12 जून को आयोजित कार्यक्रम में बिग-बी ने पुलवामा हमले में शहीद प्रत्येक जवान के परिवार के आश्रितों को सहायता राशि दी। सभी शहीदों के परिवारों को अमिताभ ने विशेष आमंत्रण पर मुंबई बुलाया था।
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी को आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हुए थे। इसमें भटनी के छपिया जयदेव निवासी विजय मौर्य भी शामिल रहे। तब घटना के बाद दुख व्यक्त करते हुए शहीद परिवार को हिंदी सिनेमा के सुपर स्टार अमिताभ बच्चन ने सहायता राशि देने का एलान किया था। इसके लिए उन्होंने शहीद परिवारों को विशेष आमंत्रण भेजकर 12 जून को मुंबई में अपने आवास पर कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के बाद शुक्रवार को घर पहुंचे रामायण मौर्य ने बताया कि कार्यक्रम में पुलवामा में शहीद हुए सभी जवानों के परिवारों को बुलाया गया था। अमिताभ बच्चन जी ने नम आंखों से शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
श्री मौर्य ने कहा कि अमिताभ जी ने वहां पहुंचे सभी लोगों से सहायता राशि को गोपनीय रखने का अनुरोध किया था। इसलिए मैं इस विषय में कुछ नहीं बता सकता। रामायण मौर्य ने कहा कि उन्हें अपने बेटे विजय पर फख्र है, जो देश के लिए शहीद होकर अमर हो गया।