आईएमए की मांग, चिकित्सकों को दी जाए सुरक्षा
डीएम को सौंपा प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन
कोलकाता व देवरिया की घटना को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। एनआरएस मेडिकल कॉलेज कोलकाता में मरीज की मौत के बाद चिकित्सकों पर हमले और सावित्री हास्पिटल में बवाल के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के राष्ट्रीय आह्वान पर शुक्रवार को जिले के चिकित्सकों ने ज्ञापन सौंपा। प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन के जरिए चिकित्सकों को मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट के तहत सुरक्षा कराने की मांग की।
चिकित्सकों ने कहा कि कोलकाता में 85 वर्षीय मरीज की मौत के बाद चिकित्सक पर हमला निंदनीय है। उम्र के इस पड़ाव पर पहुंचे गंभीर मरीज के लिए चिकित्सक सिर्फ प्रयास कर सकता है। वह भगवान नहीं, जो अमरत्व प्रदान कर दें। बावजूद लोगों का उग्र होना चिंताजनक है। 12 जून को सावित्री हास्पिटल की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि आईसीयू में भर्ती महिला की मौत के बाद तीमारदारों का अस्पताल के चिकित्सक-कर्मचारी को गाली देना व तोड़फोड़ का प्रयास किया गया। पुलिस के हस्तक्षेप से चिकित्सक-कर्मचारी सुरक्षित हुए। अब मरीज के घर वाले चिकित्सक पर एससी-एसटी के तहत केस दर्ज कराने का प्रयास कर रहे हैं। ज्ञापन देने वालों में अध्यक्ष डॉ. रणधीर सिंह, उपाध्यक्ष डॉ. संजीव अग्रवाल, सचिव डॉ. उमाकांत पांडेय, डॉ. अरविंद मिश्र, डॉ. एचसी अरोड़ा, डॉ. पवन त्रिपाठी, डॉ. अतुल कुमार, डॉ. वारेश नागरथ, डॉ.नावेंदु राय, डॉ.अनिरुद्ध सिंह, डॉ.वीबी शुक्ला आदि शामिल रहे।